
केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने मेघालय राज्य सरकार के समन्वय से मेघालय में खेल एवं युवा विकास पहलों की समीक्षा की। बैठक में मेघालय के खेल एवं युवा मामले मंत्री बंतेइदोर लिंगदोह, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रतिनिधि, मेघालय राज्य ओलंपिक संघ के प्रतिनिधि और अन्य हितधारक उपस्थित थे।
चर्चा में खेल अवसंरचना को मजबूत करने, जमीनी स्तर पर प्रतिभा विकास को बढ़ावा देने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और केंद्र एवं राज्य सरकारों के बीच समन्वय बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया गया। मेघालय सरकार ने राज्य में खेल क्लबों, संघों और खिलाड़ियों को सहयोग देने के लिए कार्यान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं का विवरण साझा किया। इनमें खेल छात्रवृत्ति योजनाएं, युवा विकास कार्यक्रम और अनुदान आधारित सहायता पहल शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में लगभग 900 खिलाड़ी राज्य खेल छात्रवृत्ति योजना से लाभान्वित हो रहे हैं।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री फुटबॉल मिशन पर विशेष ध्यान दिया गया, जो दक्षिण अमेरिकी फुटबॉल विकास मॉडल से प्रेरित एक जमीनी स्तर की पहल है। वर्तमान में, यह मिशन 125 केंद्रों के माध्यम से लगभग 10,000 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और सहायता प्रदान कर रहा है। इस पहल ने मेघालय के कई अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मावखानू फुटबॉल स्टेडियम, उमसावली स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और उमथम स्थित स्लैलम कोर्स सहित प्रमुख खेल अवसंरचना परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मावखानू फुटबॉल स्टेडियम को क्षेत्र के सबसे बड़े फुटबॉल स्टेडियमों में से एक के रूप में विकसित किया जा रहा है और इसे राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन समारोह के संभावित स्थल के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, उमथम स्थित स्लैलम कोर्स देश में जल क्रीड़ा और स्लैलम प्रशिक्षण के प्रमुख केंद्रों में से एक के रूप में उभर रहा है।
रक्षा खडसे ने कहा कि मेघालय में खेल की अपार संभावनाएं और एक जीवंत युवा पारिस्थितिकी तंत्र है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि केंद्र और राज्य सरकारों, खेल संस्थानों और सामुदायिक संगठनों के समन्वित प्रयासों से खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे और देश में एक मजबूत खेल संस्कृति के निर्माण में मदद मिलेगी।
बैठक में युवा सहभागिता एवं सशक्तिकरण योजना (YESS मेघालय) और MY भारत पोर्टल की भूमिका पर भी चर्चा हुई। आगामी राष्ट्रीय खेलों सहित विभिन्न खेल आयोजनों में युवा स्वयंसेवकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए ‘माई भारत’ मंच के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।
रक्षा खडसे ने ‘खेलो इंडिया’ द्वारा मान्यता प्राप्त अकादमियों को मजबूत करने और राज्य के खेल अवसंरचना को एथलीट विकास प्रणालियों के साथ एकीकृत करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने दोहराया कि केंद्र सरकार मेघालय और पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में खेल अवसंरचना और युवा विकास पहलों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

