डॉक्टर्स डे पर दिल्ली सचिवालय में भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को ‘मानव सेवा रत्न’ सम्मान

डॉक्टर्स डे के अवसर पर दिल्ली मेडिकल फोरम द्वारा आज दिल्ली सचिवालय ऑडिटोरियम में एक भव्य और गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता और दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री मंजींदर सिंह सिरसा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान दिल्ली के प्रमुख अस्पतालों के ख्यातिप्राप्त डॉक्टरों को उनके अनुकरणीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संयोजन डॉ. हरीश गुप्ता और आयोजन समिति के सदस्य डॉ. वी. के. मोंगा, डॉ. सर्वेश टंडन, डॉ. एस. सी. एल. गुप्ता, डॉ. अजय बेदी और डॉ. सुनील सिंघल ने किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए ‘मानव सेवा रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में डॉक्टरों को मानवता की सेवा में उनके समर्पण के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि दिल्ली को वैश्विक चिकित्सा हब बनाने के लिए उनकी सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने हाल ही में आरंभ की गई योजनाओं जैसे आयुष्मान स्वास्थ्य योजना, जन औषधि केंद्र और आयुष्मान जन आरोग्य मंदिर का भी उल्लेख किया।

इस अवसर पर दिल्ली के प्रमुख चिकित्सकों को सम्मानित किया गया, जिनमें सर गंगा राम अस्पताल, मैक्स, अपोलो, फोर्टिस, बीएलके, मेदांता और अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े 26 वरिष्ठ डॉक्टर शामिल हैं। इनमें डॉ. डी. एस. राणा, डॉ. हर्ष महाजन, डॉ. विनय अग्रवाल, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सुभाष गुप्ता, डॉ. राजेश चावला, डॉ. शारदा जैन, डॉ. ए.एस. सोइन, डॉ. हरित चतुर्वेदी और अन्य प्रमुख नाम सम्मिलित हैं।

कार्यक्रम में डॉक्टरों ने भी मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि वे दिल्ली में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेंगे। डॉक्टर डे पर आयोजित यह समारोह न केवल चिकित्सा पेशेवरों के योगदान को सम्मानित करने का अवसर बना, बल्कि दिल्ली को चिकित्सा क्षेत्र में अग्रणी बनाने के संकल्प को भी मजबूत करता है।

गौरतलब है कि डॉक्टर डे भारत के महान चिकित्सक और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. बी. सी. रॉय की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इस दिन देशभर में चिकित्सक विभिन्न सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं।

You Might Also Like...

Leave the first comment