
लखनऊ: भारत में Netherlands के राजदूत मार्टेन वान डेन बर्ग ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath से राजधानी स्थित उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच भारत और नीदरलैंड्स, विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के साथ द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और Netherlands के बीच मजबूत और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं तथा दोनों देश कई क्षेत्रों में मिलकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और जल प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में भी प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण, पुष्पोत्पादन और डेयरी उद्योग में आधुनिक तकनीक का उपयोग किसानों की आय दोगुनी करने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश को अपार संभावनाओं वाला राज्य बताते हुए कहा कि निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार ने आकर्षक नीतियां लागू की हैं और विदेशी निवेश आकर्षित करने हेतु सकारात्मक वातावरण तैयार किया गया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस’ रैंकिंग में उत्तर प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है।
राजदूत मार्टेन वान डेन बर्ग ने वर्ष 2019 में अपनी पिछली उत्तर प्रदेश यात्रा का उल्लेख करते हुए राज्य में हुए तीव्र विकास की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस’ रैंकिंग में राज्य को दूसरा स्थान मिलना लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम है।
बैठक के दौरान राजदूत ने डेयरी क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की इच्छा व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों को आधुनिक डेयरी तकनीक में प्रशिक्षित करने के लिए राज्य में एक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य सरकार की ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ योजना की जानकारी भी दी और राजदूत को वाराणसी की प्रसिद्ध पिंक मीनाकारी उत्पाद भेंट किए।
बैठक में मुख्य सचिव आर.के. तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

